भिकियासैंण में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी कार; तीन लोगों की मौत

भिकियासैंण क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद SDRF उत्तराखंड पुलिस ने दुर्गम खाई में चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी शवों को बाहर निकाला।

तहसीलदार भिकियासैंण द्वारा SDRF को सूचना दी गई कि राफड़ क्षेत्र के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही SDRF टीम अपर उप निरीक्षक महिपाल सिंह के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

200 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन

घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि मारुति ऑल्टो 800 कार संख्या UK04F6683 सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरी हुई थी। क्षेत्र अत्यंत दुर्गम और ढलानयुक्त होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा।

SDRF टीम ने तत्काल सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। प्रारंभिक खोज के दौरान दो लोग अलग-अलग स्थानों पर अचेत अवस्था में मिले, जिन्हें सावधानीपूर्वक खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद विस्तृत सर्च ऑपरेशन चलाकर तीसरे व्यक्ति को भी बाहर निकालकर रोड हेड तक पहुंचाया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने तीनों को मृत घोषित किया

मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद तीनों व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई—

  • भुवन पुत्र दीवान राम, निवासी ग्राम सनेटी, तहसील रानीखेत
  • कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम, निवासी ग्राम दौड़ाखाल, तहसील रानीखेत, उम्र 32 वर्ष
  • आनंद राम, निवासी सोनी, रानीखेत, उम्र लगभग 40 वर्ष

जागर कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों व्यक्ति जागरी कार्य से जुड़े हुए थे। वे ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित जागर कार्यक्रम संपन्न कराने के बाद देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

SDRF टीम ने तीनों शवों को खाई से बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई के लिए मोर्चरी रानीखेत भिजवा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!