CM धामी ने दन्या में खोला विकास का पिटारा, शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम बनेगा भव्य द्वार

दन्या में मुख्यमंत्री की घोषणाओं से क्षेत्र के शिक्षा, खेल, सड़क और पर्यटन विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अल्मोड़ा जिले के दन्या में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय दन्या में लगभग 4 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रदेश विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

दन्या के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य प्रवेश द्वार निर्माण, चमतोला खेल मैदान के निर्माण और राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम स्थापित करने की घोषणा की। इसके साथ ही जीआईसी गरुड़ाबाँज में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण और प्रेम मंदिर-राधा कृष्ण मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण का भी ऐलान किया गया।

मुख्यमंत्री ने खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग से कलूटा पोलिंग बूथ तक सड़क निर्माण और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण की घोषणा करते हुए कहा कि शिक्षा, खेल, सड़क और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और उत्तराखंड भी इस प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जागेश्वर धाम को जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत विकसित किया जा रहा है। धाम के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए यहां आधारभूत सुविधाओं, पार्किंग व्यवस्था और सौंदर्यीकरण कार्यों का विस्तार किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार शीतकालीन पर्यटन, योग, आयुर्वेद और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ जैसी पहल से स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान मिली है, जिससे स्वरोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड को देश का “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। वहीं सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती परीक्षाओं में युवाओं का विश्वास बहाल किया गया है। सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर लगातार काम कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

जनसभा के बाद मुख्यमंत्री दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा में सहभाग करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!