कुमाऊं दौरे पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, अल्मोड़ा में करेंगे विकास योजनाओं का लोकार्पण…

शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण और केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर प्रेस वार्ता भी करेंगे संबोधित

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत कुमाऊं मंडल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे अल्मोड़ा जनपद में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

अपने दौरे के दौरान डॉ. रावत राजकीय महाविद्यालय तल्ला-सल्ट और स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे, जहां वे नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वे विभिन्न शैक्षणिक एवं सहकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण भी करेंगे।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 11 और 12 जून को प्रस्तावित इस दौरे के तहत 12 जून को वे अल्मोड़ा के कई कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। रानीखेत स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वाणिज्य संकाय के नए भवन का लोकार्पण भी उनके कार्यक्रम में शामिल है।

इसके अलावा डॉ. रावत केंद्र सरकार के विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

दौरे के दौरान डॉ. रावत विभिन्न शैक्षणिक कार्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों और सहकारी समितियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

इससे पूर्व अपने तीन दिवसीय श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के अंतिम दिन उन्होंने डुमणीकोट और पाटों क्षेत्रों में जनसंपर्क कर लोगों की समस्याएं सुनीं। साथ ही 230.93 लाख रुपये की लागत से गणतखाल-कठुखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का लोकार्पण और 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले देवराड़ी खेल मैदान का शिलान्यास किया।

इसके अलावा बूंगीधार में आयोजित बैठक में उन्होंने विनसर महादेव मंदिर की भूमि हस्तांतरण को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने अल्मोड़ा जनपद के सल्ट में राजकीय महाविद्यालय तल्ला-सल्ट के नवनिर्मित अकादमिक भवन का लोकार्पण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!