रामनगर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 23 मामलों का आरोपी मोस्ट वांटेड वन अपराधी गिरफ्तार

रामनगर तराई पश्चिमी वन प्रभाग को वन अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। वन विभाग ने लंबे समय से फरार चल रहे शातिर वन अपराधी लखविंदर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अवैध लकड़ी कटान और तस्करी से जुड़े 23 मुकदमे दर्ज हैं, जिसके चलते वह विभाग की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अपने दो साथियों के साथ गुलजारपुर बीट के आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध पातन की तैयारी से पहुंचा था। गोपनीय सूचना मिलने के बाद पहले से तैनात वन विभाग की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। हालांकि उसके दोनों साथी मौके से फरार हो गए।

यह पूरी कार्रवाई प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चंद्र आर्य और उप प्रभागीय वनाधिकारी किरण साह के निर्देशन में वन क्षेत्राधिकारी शेखर चंद्र तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दी। विभाग का कहना है कि आरोपी लंबे समय से कानून से बचता फिर रहा था और उसकी लगातार तलाश की जा रही थी।

वन विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक लखविंदर के खिलाफ वर्ष 2020 से लेकर 2026 तक कुल 23 वन अपराध दर्ज हैं। इन मामलों में सागौन, शीशम और खैर जैसे बहुमूल्य पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के गंभीर आरोप शामिल हैं।

वन विभाग अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क की जानकारी जुटा रहा है। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!