प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के तहत रुद्रप्रयाग जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को गति देने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय में पीएमजीएसवाई अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्माणाधीन और लंबित परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से विभिन्न सड़क परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में आ रही सभी बाधाओं को जल्द दूर किया जाए और तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
बैठक में कालीमठ क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य सरोज देवी ने अपने क्षेत्र की सड़क समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कालीमठ-जग्गी-बगवान-ब्यूंखी-कुणजेठी-बेडुला मोटर मार्ग के चौड़ीकरण और डामरीकरण की मांग की। इसके अलावा कोल्दी, दौणी-दौणी-उनियाणा मोटर मार्गों से जुड़े लंबित मामलों को भी जल्द निस्तारित करने का अनुरोध किया।
सरोज देवी ने पीएमजीएसवाई के तहत निर्माणाधीन फांफज-बरसाल और पाली-सरुणा मोटर मार्ग के द्वितीय चरण का कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग रखी। उन्होंने धार्मिक पर्यटन और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने के लिए चैमासी खाम-बुगियाल-केदारनाथ धाम को जोड़ने वाले प्राचीन पैदल मार्ग का सर्वेक्षण कर उसके सुगमीकरण की आवश्यकता भी बताई।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने ग्रामीणों की आवाजाही से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने और सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मार्ग के नीलगढ़ गदेरा में पुल निर्माण का प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई पवन कुमार, सहायक अभियंता सौरभ चौहान, सहायक अभियंता चंद्रेश कांत सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















Leave a Reply