कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अल्मोड़ा में बैशी (जागर) कार्यक्रम में की शिरकत, लोक संस्कृति को बताया उत्तराखंड की पहचान

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद के ज्यूला (रजवार तोक) स्थित प्रसिद्ध गुरु गोरखनाथ मंदिर में आयोजित पावन बैशी (जागर) कार्यक्रम में मंगलवार को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल के बीच उन्होंने देव-आराधना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसर पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर समिति के सदस्यों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोक रीति-रिवाजों के साथ कैबिनेट मंत्री का भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और बैशी (जागर) कार्यक्रम में भाग लेकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था ही राज्य की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने कहा कि बैशी और जागर जैसी पारंपरिक विधाएं केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं हैं, बल्कि ये हमारी लोक संस्कृति, इतिहास और सामाजिक मूल्यों को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।

रेखा आर्या ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों में देवताओं का आह्वान कर विशेष पूजा-अर्चना की जाती है, जिससे समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक एकता का संचार होता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की यह अमूल्य विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और इसे संरक्षित रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए ग्रामवासियों, मंदिर समिति और क्षेत्र की जनता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार भी प्रदेश की लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने सभी से अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, मंडल महामंत्री देवेंद्र मेहरा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र नयाल, अशोक जलाल, ग्राम प्रधान सूरज, प्रदीप, ग्राम प्रधान ज्यूला प्रकाश टम्टा, सुंदर नयाल, आनंद नेगी, पप्पू मेहरा, पूरन फर्त्याल, राजेंद्र सिंह, विजय फर्त्याल, नवीन आर्य और महेंद्र सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष बलवंत सिंह रजवार, उपाध्यक्ष हरीश रजवार, कोषाध्यक्ष पान सिंह रजवार, रतन सिंह रजवार, सुंदर सिंह, राजेंद्र सिंह पिलख्वाल, हरि सिंह रजवार, सुरेंद्र सिंह रजवार, संजय सिंह, उमा रजवार और पाना रजवार सहित समिति के अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!