कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को कैंप कार्यालय में सिंचाई एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ मसूरी विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित एवं संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री जोशी ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत संतला देवी क्षेत्र में नून नदी पर प्रस्तावित झील निर्माण की कागजी प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि झील निर्माण के दौरान पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्रवासियों की पेयजल समस्या के समाधान को भी प्राथमिकता दी जाए।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मसूरी विधानसभा क्षेत्र में मोटर मार्गों के सुधारीकरण, डामरीकरण और नए सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहस्त्रधारा बायपास से बगलाधोरण मोटर मार्ग, क्यारा-धनौल्टी मार्ग, छमरौली से डोमकोट मोटर मार्ग और बाटाघाट-पुरकुल-मालसी-सरोना-बोंठा मोटर मार्ग के निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।
मंत्री जोशी ने बरसात से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा और मरम्मत कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने कामाख्या मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित ब्रिज निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने को कहा। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पी.एल. नौटियाल, सहायक अभियंता मोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply