नैनीताल के फरसोली स्थित रोडवेज कार्यशाला में कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन न मिलने के विरोध में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द वेतन भुगतान की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि फरवरी माह से अब तक उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बच्चों की फीस, मकान किराया और घरेलू खर्चों का प्रबंधन करना बेहद कठिन हो गया है।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि लगातार काम करने के बावजूद उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान रोडवेज की आय बेहतर होने के बावजूद कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा।
रोडवेज कर्मचारियों ने शासन और निगम प्रबंधन से लंबित वेतन और महंगाई भत्ते का जल्द भुगतान करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
















Leave a Reply