चंपावत में नाबालिग किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म मामले को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। उधम सिंह नगर के जसपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पूरी तरह खतरे में है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा तो देती है, लेकिन हकीकत में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चंपावत मामले में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आने के बावजूद प्रशासन आरोपियों को बचाने में जुटा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अंकिता भंडारी कांड को अभी भूली नहीं थी कि एक और शर्मनाक घटना ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में बढ़ते अपराध, किसान आत्महत्या और महंगाई जैसे मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और आम जनता लगातार परेशानियों का सामना कर रही है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को जल्द न्याय नहीं मिला तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी।














Leave a Reply