मुख्यमंत्री धामी ने डोल आश्रम में श्री पीठम स्थापना महोत्सव में की शिरकत, 1100 कन्याओं का किया पूजन

अल्मोड़ा जनपद के डोल स्थित आश्रम में आयोजित श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के श्री पीठम स्थापना महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक और भक्ति भाव से परिपूर्ण रहा।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 1100 कन्याओं का पूजन किया और माँ राजेश्वरी का विधिवत अभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

डोल आश्रम पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने परिसर में स्थापित श्रीयंत्र का अवलोकन किया और यहां संचालित आध्यात्मिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यहां स्थापित विश्व के सबसे बड़े श्रीयंत्र को देखकर एक विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बाबा कल्याणदास की तपस्या और साधना के कारण यह स्थान आज वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि यह आश्रम अब आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है। साथ ही उन्होंने बाबा कल्याणदास द्वारा वैश्विक आध्यात्मिक जागरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।

उन्होंने आगे कहा कि डोल आश्रम धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक साधना का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, और चारधाम यात्रा में हर वर्ष बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या इसका प्रमाण है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!