नैनीताल: तेज टक्कर के बाद कार खाई में गिरी, एक युवक गंभीर घायल

नैनीताल: जिले के नैनीबेंड बाईपास के पास एक खतरनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। भवाली सेनेटोरियम के समीप दो कारों की आमने-सामने टक्कर में एक कार गहरी खाई में जा गिरी, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही बलिनो कार और कैंची की दिशा से आ रही स्विफ्ट कार के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर के बाद बलिनो कार संतुलन खो बैठी और करीब 25 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।

हादसे में घायल हुए दीपक बिष्ट (36), निवासी रानीखेत, को मौके पर पहुंची भवाली पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए बाहर निकाला। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *