पाकिस्तान ड्रोन से हथियार उत्तराखंड STF ने बाजपुर से ईशानप्रीत सिंह को किया गिरफ्तार…

उत्तराखंड में अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एसटीएफ को एक बड़ी सफलता मिली है। पंजाब में ड्रग्स और हथियार तस्करी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले से गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत बाहरी राज्यों के अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

उत्तराखंड एसटीएफ, पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और बाजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के बाजपुर के केशवनगर इलाके से पंजाब के वांछित अपराधी ईशानप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।

एसटीएफ के अनुसार 23 मई 2026 को अमृतसर में एएनटीएफ और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर पर छापा मारा गया था। पुलिस को देखते ही आरोपी फरार हो गया था। तलाशी के दौरान उसके घर से 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। बरामद हथियारों में बरेटा, जिगाना और मेड इन चाइना पिस्टल शामिल थीं।

जांच में यह भी सामने आया कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियार और मादक पदार्थ पहुंचाए गए थे। इसके बाद पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार उसकी तलाश में जुटी थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी उत्तराखंड के बाजपुर क्षेत्र में छिपा हुआ है, जिसके बाद संयुक्त ऑपरेशन चलाकर उसे दबोच लिया गया।

एसएसपी एसटीएफ ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत बाहरी राज्यों से आकर उत्तराखंड में शरण लेने वाले अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है ताकि प्रदेश को अपराधियों की सुरक्षित पनाहगाह बनने से रोका जा सके। गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।

उत्तराखंड एसटीएफ की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय अपराध और नशा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया है कि उत्तराखंड में अपराधियों और गैंगस्टरों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!