उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर मुख्यमंत्री धामी अलर्ट, अधिकारियों को राहत-बचाव और आवश्यक सेवाएं बहाल रखने के निर्देश

उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन को प्रदेशभर की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि जहां भी भारी बारिश, भूस्खलन या सड़क बंद होने जैसी स्थिति सामने आए, वहां जिला प्रशासन बिना देरी किए राहत और बचाव कार्य शुरू करे। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी टीमें पूरी तरह तैयार रहें और प्रभावित लोगों तक समय पर हर संभव सहायता पहुंचाई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या असुविधा को कम किया जा सके।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सड़क, बिजली, पेयजल और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से चारधाम यात्रा मार्ग और अन्य प्रमुख सड़कों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा, ताकि यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे और किसी भी बाधा को जल्द से जल्द दूर किया जा सके।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों और उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से भी सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी लोग मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा उफनते नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या संबंधित विभाग से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है और सभी संबंधित विभागों को किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयार रखा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे, ताकि लोगों की सुरक्षा और आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!