पौड़ी/देहरादून:
कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को पैठाणी, पाबौ और खिर्सू क्षेत्र के दौरे के दौरान कई विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया।
अपने भ्रमण के दौरान मंत्री ने पैठाणी स्थित प्रसिद्ध राहु मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
पाबौ क्षेत्र में उन्होंने 55.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बिडोली विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया। इसके अलावा राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पसीणा में 9.14 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य तथा 2.10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मोल्काखाल-टीला मोटर मार्ग के वन टाइम मेंटेनेंस कार्य की भी शुरुआत की गई।
मंत्री ने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण विकास की आधारशिला है। राज्य सरकार दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
खिर्सू क्षेत्र में उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय डोबरी में 30.70 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया, जबकि राजकीय प्राथमिक विद्यालय भैंसवाड़ा में पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर निवेश कर रही है, ताकि ग्रामीण छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस दौरान उन्होंने ग्राम पिनाकोट, बगाड़ियूं, स्योली तल्ली और स्योली मल्ली के ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास की रोशनी को अंतिम छोर तक पहुंचाना है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शिव चरण नौडियाल, हरेंद्र नेगी, गणेश नेगी राठी, वीरेंद्र रावत, मातवर सिंह रावत, धूम सिंह, शिव लाल, पंकज सिंह रावत, अनिल सिंह नेगी, ग्राम प्रधान गीता देवी, दीपक त्रिपाठी, अनिल नेगी सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और अधिकारी मौजूद रहे।














Leave a Reply