आभा और अपार आईडी के जरिए शिक्षा-स्वास्थ्य डेटा को जोड़ा जाएगा, विभागों को जल्द प्लान तैयार करने के निर्देश
देहरादून
उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में शिक्षा विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विद्यार्थियों की ट्रैकिंग और मैपिंग को लेकर विभिन्न विभागों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रदेश के बच्चों की जन्म से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य तक की पूरी जानकारी को एकीकृत करने के लिए एक सिंगल डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया जाए। इसके लिए शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को मिलकर कार्य करने को कहा गया है।
उन्होंने सभी बच्चों की आभा (ABHA) और अपार (APAR) आईडी बनाए जाने के निर्देश भी दिए, ताकि शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित डेटा को एकीकृत किया जा सके।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से बच्चे के जन्म के बाद टीकाकरण, आंगनवाड़ी में प्रवेश, स्कूल में एडमिशन और शैक्षिक उपलब्धियों तक की पूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सिस्टम के जरिए अभिभावकों को समय-समय पर एसएमएस के माध्यम से जानकारी दी जाए, जैसे कि टीकाकरण या स्कूल प्रवेश का समय।
इसके साथ ही संबंधित विभागों को बच्चों के विकास और शिक्षा पर नियमित फॉलोअप करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्य सचिव ने एनआईसी और आईटीडीए सहित सभी विभागों को मिलकर इस पर ब्रेनस्टॉर्मिंग करने और जल्द एक प्रभावी प्लेटफॉर्म तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस विषय पर शीघ्र पुनः बैठक आयोजित करने की बात भी कही।
बैठक में सचिव रविनाथ रमन, विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर, अपर सचिव रीना जोशी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।









Leave a Reply