सरकार जनता के द्वार” के तहत ग्राम पंचायत पठाली में आयोजित हुआ जन संवाद कार्यक्रम…

सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर की अध्यक्षता में विकास खंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत पठाली में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी जमीनी समस्याएं रखीं।

जन संवाद के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक आने वाली सड़क का निर्माण लंबे समय से रुका हुआ है। सड़क बनने से न केवल ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही में राहत मिलेगी, बल्कि इसे यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी विकसित किया जा सकता है।

इस दौरान पेयजल की बड़ी समस्या बताते हुए ग्रामीणों ने सुझाव दिया कि नगर पंचायत ऊखीमठ के अंतर्गत पिंगला के लिए आने वाली पेयजल योजना से पठाली गांव को भी जोड़ा जाए। महिलाओं ने जंगली जानवरों से खेती को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई। भालू और बाघ के आतंक को देखते हुए गांव की सीमा पर सुरक्षा के लिए सोलर लाइट लगाने की मांग की गई। इसके अलावा ग्रामीणों ने विधायक निधि से बना प्रतीक्षालय क्षतिग्रस्त होने, दुर्गाधार मंदिर का सुधारीकरण, सड़क मार्ग के पुनरुद्धार और आंगनबाड़ी भवन की छत न होने जैसी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग रखी।

उन्होंने जन संवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से संज्ञान लेते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं को संबंधित विभागों को यथाशीघ्र भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि ” सरकार जनता के द्वार ” का उद्देश्य ही यही है कि लोगों की शिकायतों का निस्तारण स्थानीय स्तर पर हो सके।

इस मौके पर विकास खंड ऊखीमठ के कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप तिवारी, ग्राम प्रधान मनोहर सिंह नेगी सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!