देहरादून पुलिस की बड़ी सफलता, विकासनगर में वारदात से पहले दबोचे गए बदमाश

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस ने एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को होने से पहले ही रोक दिया। नयागांव क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान राजस्थान के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जबकि उसका साथी भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान राजस्थान नंबर की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन सवार पुलिस को देखकर भाग निकले। पुलिस ने तत्काल पीछा शुरू किया और संदिग्धों को घेरने का प्रयास किया।

भागते हुए आरोपी कार छोड़कर नदी क्षेत्र की ओर निकल गए। पुलिस की चेतावनी के बावजूद उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रिंकू मीणा के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके साथी विनोद मीणा को भी दबोच लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी विकासनगर क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस अब उनके नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!