विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने शासकीय आवास परिसर में फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री ने लोगों को फलदार पौधे भी वितरित किए।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन मनाने का विषय नहीं है, बल्कि इसे हमारी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण देने के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि फलदार पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पोषण सुरक्षा और जैव विविधता को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों—जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे अवश्य लगाएं और उनके संरक्षण का संकल्प लें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि परिवार के साथ पौधारोपण करने से न केवल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित होता है, बल्कि बच्चों और युवाओं में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए और धरती को हरा-भरा बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस अवसर पर कृषि मंत्री की धर्मपत्नी निर्मला जोशी, सरकार में दायित्वधारी ज्योति कोटिया एवं शमशेर सिंह बिष्ट, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह राणा, मुख्य उद्यान अधिकारी डी.के. तिवारी, पूर्व प्रधान समीर पुंडीर, मंडल महामंत्री अल्का कुल्हान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।















Leave a Reply