रामनगर: विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में हाथियों की गणना का अभियान तेज़ी से जारी है। 26 मई से शुरू हुआ यह विशेष सर्वे 30 मई तक चलेगा। अभियान के दौरान रिजर्व की सभी 72 बीटों में हाथियों की संख्या और उनकी गतिविधियों का विस्तृत आंकलन किया जाएगा।
इस अभियान में 150 से अधिक वनकर्मी, अधिकारी और वन्यजीव विशेषज्ञ लगाए गए हैं। पार्क प्रशासन ने बताया कि हाथियों की गिनती के लिए आधुनिक और वैज्ञानिक पद्धतियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके लिए Wildlife Institute of India (WII) की तकनीकी सहायता भी ली जा रही है।
कॉर्बेट प्रशासन के अनुसार वर्ष 2015 में कॉर्बेट लैंडस्केप में करीब 850 हाथी दर्ज किए गए थे, जबकि 2020 की गणना में यह संख्या बढ़कर 1226 से अधिक पहुंच गई थी। यही वजह है कि इस बार की गणना को वन विभाग बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ साकेत बडोला ने कहा कि अभियान से जुटाए गए आंकड़े पूरे उत्तराखंड में हाथियों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में मदद करेंगे। उन्होंने बताया कि यह अभियान वन्यजीव संरक्षण और हाथियों के सुरक्षित आवास प्रबंधन के लिए काफी अहम साबित होगा।












Leave a Reply