तीर्थ से कम नहीं खेल विश्वविद्यालय” – मिट्टी माथे से लगाकर भावुक हुईं रेखा आर्या

वन विभाग से भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उत्तराखंड की खेल मंत्री Rekha Arya पहली बार गौलापार स्थित खेल विश्वविद्यालय की प्रस्तावित भूमि पर पहुंचीं। इस दौरान वह भावुक नजर आईं और उन्होंने वहां की मिट्टी को माथे से लगाकर नमन किया। निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे समतलीकरण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वर्तमान में भूमि को समतल करने और झाड़ियों व अन्य अवरोधों को हटाने का कार्य तेजी से जारी है।

इस अवसर पर रेखा आर्या ने कहा कि यह भूमि केवल जमीन का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों खिलाड़ियों के सपनों का केंद्र है। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह स्थान किसी तीर्थस्थल से कम नहीं है, जहां से भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि इस मिट्टी को माथे से लगाने के क्षण में उन्हें खिलाड़ियों का संघर्ष, समर्पण और उनके सपने याद आए। यह विश्वविद्यालय उत्तराखंड के खेल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा और युवाओं को नई दिशा देगा।

खेल मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके दृढ़ संकल्प के कारण यह महत्वाकांक्षी परियोजना अब साकार हो रही है। आने वाले समय में यह विश्वविद्यालय खेल उत्कृष्टता का प्रमुख केंद्र बनेगा और उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करेगा। निरीक्षण के दौरान खेल उपनिदेशक राशिका सिद्दकी, जिला खेल अधिकारी निर्मला पंत सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *