ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित प्रमुख हिल स्टेशन आगराखाल से करीब 3 किलोमीटर आगे विकसित हो रही भिन्नू बस्ती के नागरिक इन दिनों बिजली की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां केवल सिंगल फेज विद्युतीकरण होने के कारण रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है।
नागरिकों के अनुसार, बस्ती अब एक छोटे मार्केट के रूप में विकसित हो रही है, लेकिन बिजली व्यवस्था अभी भी पुराने ढर्रे पर ही चल रही है। सिंगल फेज बिजली के कारण वोल्टेज लगातार गिरता रहता है, जिससे लाइट बेहद धीमी हो जाती है और पंखे भी ठीक से नहीं चल पाते।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही समस्या और बढ़ गई है। रात के समय कम रोशनी के कारण स्कूली बच्चों को पढ़ाई में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, गीजर और अन्य जरूरी उपकरण भी सही से काम नहीं कर पाते।
इतना ही नहीं, बस्ती में छोटे स्तर पर काम करने वाले कारीगरों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वेल्डिंग जैसे कार्य सिंगल फेज बिजली में संभव नहीं हो पा रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से डबल फेज विद्युतीकरण की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।













Leave a Reply