सेवा पखवाड़ा बना जनसेवा का बड़ा मंच, 20 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता, 3,500 से ज्यादा लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

ऋषिकेश: उत्तराखंड सरकार के ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ अभियान के तहत आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम शनिवार को ऋषिकेश के आईडीपीएल ग्राउंड में जनसेवा का बड़ा मंच बनकर सामने आया। कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया, जबकि 3,500 से ज्यादा नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पुष्पवर्षा कर दोनों का स्वागत किया और मुख्यमंत्री को उनके सफल पांच वर्षीय कार्यकाल के लिए बधाई दी।

सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से सेवाएं प्रदान कीं। इंटीग्रेटेड एफर्ट (एकीकृत प्रयास) के तहत नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देकर सरकारी सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। विभागीय स्टॉलों पर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन और स्वीकृति की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण विशाल स्वास्थ्य शिविर रहा, जहां 1,009 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच और उपचार किया गया। इनमें 212 हड्डी रोगी, 70 स्त्री रोगी और 81 नेत्र, नाक एवं कान संबंधी मरीज शामिल रहे। इसके अलावा 13 बच्चों का टीकाकरण, 15 आयुष्मान कार्ड, 20 आभा कार्ड, 95 एक्स-रे, 70 रक्त जांच तथा आयुष विभाग की ओर से 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और निःशुल्क दवा वितरण किया गया। वहीं 23 दिव्यांग प्रमाण पत्रों का ऑनलाइन पंजीकरण भी किया गया।

समाज कल्याण विभाग ने शिविर के दौरान 75 पात्र लोगों की विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन स्वीकृत की, जबकि 10 यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए। इसके साथ ही 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन और लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने 1,200 से अधिक लाभार्थियों को अपनी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों, लघु उद्योगों और विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सहकारिता विभाग से जुड़े पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक को पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। वहीं कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी के तीन युवाओं का जापान में लगभग एक लाख रुपये प्रतिमाह के पैकेज पर चयन होने पर उन्हें सम्मानित किया गया। इसके अलावा मत्स्य, उद्यान, उद्योग और डेयरी विभाग के उत्कृष्ट लाभार्थियों को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!