ऋषिकेश: देहरादून जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रायवाला पुलिस ने स्कूटी चोरी के एक मामले का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी की स्कूटी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, खैरीखुर्द निवासी दीपिका रयाल ने 17 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 अप्रैल को उनके घर के बाहर खड़ी स्कूटी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले। चेकिंग अभियान के दौरान नेपाली फार्म क्षेत्र से पुलिस ने रोहित गर्ग (निवासी यमुनानगर, हरियाणा) को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
चौंकाने वाला कारण आया सामने
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका ससुराल शिकायतकर्ता के घर के पास ही है। कुछ समय पहले उसका बच्चा खेलते-खेलते शिकायतकर्ता के घर चला गया था, जहां उसे डांटकर भगा दिया गया था। इसी घटना से नाराज होकर उसने बदला लेने के इरादे से स्कूटी की चाबी उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
एसएसपी ने की सराहना
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और मामले के सफल खुलासे की सराहना की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।












Leave a Reply