रेखा आर्या, हल्द्वानी में नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप का शुभारंभ…

गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप-2026 का सोमवार को उत्तराखंड की खेल मंत्री Rekha Arya ने औपचारिक उद्घाटन किया। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 1 जून से 4 जून तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देश के 26 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 900 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड अब राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। प्रदेश में विकसित हो रहे आधुनिक खेल ढांचे और खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं के कारण देशभर के खिलाड़ी यहां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुए थाई केवल एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक दक्षता और मानसिक मजबूती का माध्यम है। युवाओं में इस खेल के प्रति बढ़ती रुचि यह दर्शाती है कि नई पीढ़ी फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के प्रति गंभीर हो रही है। रेखा आर्या ने बताया कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती हैं और विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान भी होता है, जिससे खेलों का स्तर और बेहतर होता है। खेल मंत्री ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और अपने राज्य व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर खेल उपनिदेशक राशिका सिद्दकी, जिला खेल अधिकारी निर्मला पंत, एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज वर्मा, महासचिव राम चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *