पौड़ी में बारिश बनी आफत, भूस्खलन से कोटद्वार–पौड़ी हाईवे बाधित, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी जिले में बुधवार रात से शुरू हुई लगातार मूसलाधार बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। कई इलाकों में भारी वर्षा के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है, जबकि पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन की घटनाओं ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

बारिश के चलते कोटद्वार–पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतपुली मल्ली और बधालीखाल के पास पहाड़ियों से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरे। इससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों का कहना है कि सड़क को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा से जुड़े सभी विभागों को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करने से पहले सड़क एवं मौसम की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!