रामनगर: देशभर में चर्चा का विषय बने कथित पेपर लीक मामलों को लेकर रामनगर में सामाजिक संगठन नेकी की दीवार के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा व्यवस्था में सुधार और भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह निष्पक्ष बनाने की मांग उठाई गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा कई वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन जब परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठते हैं तो सबसे अधिक नुकसान अभ्यर्थियों को होता है। उनका कहना था कि इस तरह की घटनाओं से युवाओं का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान सरकार से मांग की गई कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और किसी भी अनियमितता के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बनाने की भी मांग की गई।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की। इसके साथ ही सोनम वांगचुक को अनशन स्थल से हटाए जाने की घटना पर भी चिंता जताई और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया।
प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम रामनगर के माध्यम से भेजा गया। संगठन ने कहा कि यदि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
















Leave a Reply