रुद्रप्रयाग : श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बीच प्रसाद व्यवस्था को सुदृढ़ करने और स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। ग्रामोत्थान परियोजना (REAP), रुद्रप्रयाग ने इस दिशा में स्थानीय उद्यम केदारेश्वर एंटरप्राइजेज के साथ रणनीतिक अनुबंध किया है।
इस पहल के तहत ग्रामोत्थान परियोजना द्वारा केदारेश्वर एंटरप्राइजेज को ₹5 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इस सहयोग का उद्देश्य श्रद्धालुओं को उच्च गुणवत्ता वाला प्रसाद उपलब्ध कराना और साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।
परियोजना से जय स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जोड़ा गया है, जो प्रसाद की पैकेजिंग का कार्य कर रही हैं। इससे न केवल महिलाओं को नियमित रोजगार मिल रहा है, बल्कि उनकी आय में भी वृद्धि हो रही है। यह पहल महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
केदारेश्वर एंटरप्राइजेज द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से तैयार पंचमेवा, ड्राई फ्रूट्स और श्री केदारनाथ मंदिर के स्मृति चिन्ह (सुविनियर) आकर्षक और पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद मिल रहे हैं और केदारनाथ धाम की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान को भी बढ़ावा मिल रहा है।
यह पहल न केवल यात्रा प्रबंधन को बेहतर बना रही है, बल्कि स्थानीय समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।













Leave a Reply