रुद्रप्रयाग में पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा आज, तीन पालियों में होगी परीक्षा; केंद्र पर धारा-163 लागू…

परीक्षा केंद्र के 100 मीटर दायरे में प्रतिबंध, नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

रुद्रप्रयाग

संयुक्त प्रवेश परीक्षा पॉलिटेक्निक रविवार को जनपद रुद्रप्रयाग के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक रतूड़ा में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

उप जिला मजिस्ट्रेट सोहन सिंह सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से 11 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक और तीसरी पाली अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक चलेगी।

उन्होंने बताया कि 7 जून को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र पर धारा-163 लागू रहेगी। इसके तहत केंद्र के 100 गज की परिधि में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा।

इसके अलावा, बिना अनुमति किसी भी प्रकार के आग्नेयास्त्र, लाठी, डंडा, चाकू, हॉकी स्टिक या अन्य धारदार हथियार ले जाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!