हरिद्वार पुलिस नशामुक्त समाज और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पतंजलि यूनिवर्सिटी में आयोजित एनसीसी कैंप में पुलिस पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 500 एनसीसी कैडेट्स और स्टाफ को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
औरंगाबाद स्थित पतंजलि यूनिवर्सिटी के एनसीसी कैंप में आयोजित इस कार्यक्रम में हरिद्वार पुलिस की एएनटीएफ टीम, साइबर सेल और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया। पुलिस अधिकारियों ने कैडेट्स को नशे की लत से होने वाले सामाजिक और शारीरिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया तथा युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध और डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। साथ ही यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने एनसीसी कैडेट्स से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा रिश्तेदारों को भी नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। इस दौरान मानस पोर्टल हेल्पलाइन 1933, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 तथा अन्य पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई।
हरिद्वार पुलिस का यह जागरूकता अभियान युवाओं को नशे और साइबर अपराधों से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।














Leave a Reply