हरिद्वार: हरिद्वार के चर्चित फूलगढ़ नाबालिग दुष्कर्म मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों पर पीड़िता को बहला-फुसलाकर जंगल तक ले जाने में भूमिका निभाने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों में एक वयस्क और दो विधि-विरुद्ध संघर्षरत किशोर (Juveniles) शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई 2026 की रात फूलगढ़ क्षेत्र के जंगल के पास एक युवक के साथ मारपीट और एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। इस मामले में हरिद्वार पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उन लोगों तक भी पहुंची, जिन्होंने कथित रूप से पीड़िता को जंगल तक पहुंचाने में मदद की थी।
इसी क्रम में 18 जुलाई को थाना पथरी पुलिस ने तनवीर पुत्र मसकूर, निवासी सुल्तानपुर, लक्सर को गिरफ्तार किया। वहीं, मामले में शामिल दो किशोरों को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत संरक्षण में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया है कि एक किशोर आरोपी पिछले लगभग एक वर्ष से पीड़िता के संपर्क में था। इस दावे की भी जांच की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। यह कार्रवाई महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, फूलगढ़ दुष्कर्म मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष और गंभीरता से जारी है तथा जांच में सामने आने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
















Leave a Reply