हरिद्वार पुलिस ने अंतर्राज्यीय ऑटो लिफ्टर गैंग का किया भंडाफोड़, 25 चोरी की बाइक बरामद

हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय ऑटो लिफ्टर गैंग का पर्दाफाश किया है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में रानीपुर थाना पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25 चोरी की मोटरसाइकिलें और बड़ी मात्रा में वाहन पार्ट्स बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों का नेटवर्क उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों तक फैला हुआ था।

रानीपुर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने विशेष टीम का गठन किया था। पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने नहर पटरी से जमालपुर जाने वाले मार्ग के पास से भव्य उर्फ भोला और सुधीर कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे हरिद्वार, ऋषिकेश और उत्तर प्रदेश के बिजनौर समेत कई क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी भव्य पहले भी वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है, जबकि सुधीर पेशे से मोटर मैकेनिक है। दोनों चोरी की बाइक सस्ते दामों में बेच देते थे और जो वाहन नहीं बिकते थे, उनके पार्ट्स अलग-अलग बेचकर मुनाफा कमाते थे।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दादूपुर गोविंदपुर स्थित एक खंडहर में छापेमारी की, जहां से 24 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें और बड़ी मात्रा में वाहन पार्ट्स बरामद किए गए। बरामद वाहनों में हरिद्वार के रानीपुर, ज्वालापुर, नगर कोतवाली, सिडकुल और मंगलौर क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के बिजनौर से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं।

पुलिस अब बरामद सभी वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान और संबंधित चोरी के मामलों की जांच कर रही है। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत वाहन चोरी, नशे और संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!