श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सूचना: तय तिथियों पर नहीं चलेगा मनसा और चंडी देवी रोपवे

हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। प्रसिद्ध मनसा देवी और चंडी देवी मंदिरों का रोपवे निर्धारित तिथियों में अर्धवार्षिक मेंटेनेंस के चलते बंद रहेगा। रोपवे संचालन करने वाली कंपनी उषा ब्रेको ने इसकी पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार 8 से 11 जुलाई तक मनसा देवी रोपवे और 13 से 16 जुलाई तक चंडी देवी रोपवे का संचालन पूरी तरह स्थगित रहेगा। इस दौरान तकनीकी विशेषज्ञ रोपवे के सभी प्रमुख उपकरणों की जांच और आवश्यक मरम्मत करेंगे।

रोपवे बंद रहने के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने के लिए पैदल मार्ग का सहारा लेना होगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुरूप बनाएं।

कंपनी ने बताया कि यह नियमित सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य रोपवे को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना है। हर छह महीने में इस प्रकार का निरीक्षण और रखरखाव किया जाता है।

मेंटेनेंस के दौरान ब्रिडकुल द्वारा नामित अधिकारी भी निरीक्षण करेंगे। सभी मानकों पर रोपवे सुरक्षित पाए जाने के बाद ही इसे श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!