हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग के अपहरण के एक संवेदनशील मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। थाना पिरान कलियर पुलिस ने अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को तेज और प्रभावी जांच का उदाहरण माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, बेड़पुर निवासी एक व्यक्ति ने थाना पिरान कलियर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को नितिन उर्फ रामकुमार बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया और विशेष पुलिस टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने इमलीखेड़ा के माजरी चौक क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहृत नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को विवाह का झांसा देकर अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ पोक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं। बरामद नाबालिग को जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर संरक्षण में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।













Leave a Reply