देशभर से लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र केदारनाथ धाम में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध युवक के पास से बंदूक जैसी वस्तु मिलने की खबर सामने आई। घटना के बाद धाम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
पुलिस इस पूरे मामले को सघन चेकिंग अभियान की सफलता बता रही है और बरामद हथियार को खिलौना बंदूक बता रही है। वहीं स्थानीय सूत्रों का दावा है कि मामला पुलिस के आधिकारिक बयान से कहीं ज्यादा गंभीर हो सकता है।
जानकारी के अनुसार, रायबरेली निवासी एक युवक बाबा केदार के दर्शन के लिए धाम पहुंचा था। युवक एक टेंट में ठहरा हुआ था। इसी दौरान टेंट संचालक को उसके सामान पर शक हुआ। कपड़े में लिपटी संदिग्ध वस्तु को देखने के बाद संचालक ने तुरंत पुलिस और LIU को सूचना दी। सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कड़ी सुरक्षा और कई स्तर की चेकिंग के बावजूद संदिग्ध युवक धाम तक कैसे पहुंच गया। बताया जा रहा है कि युवक घोड़ा पड़ाव क्षेत्र तक पहुंच चुका था, जो सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ाता है।
केदारनाथ सीओ नितिन लोहनी के मुताबिक, 6 मई की शाम सुरक्षा व्यवस्था के तहत संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान युवक के पास से एक बंदूक और धारदार हथियार बरामद किए गए। पुलिस जांच में बंदूक को खिलौना बताया गया है। साथ ही युवक को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है।
पुलिस ने बिना वैध पहचान पत्र के युवक को ठहराने वाले टेंट संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की है।
हालांकि, इस पूरे मामले में कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। यदि पुलिस को सूचना टेंट संचालकों से मिली थी, तो इसे “सघन चेकिंग अभियान” की सफलता क्यों बताया जा रहा है? और यदि धाम में हर स्तर पर कड़ी सुरक्षा जांच हो रही थी, तो संदिग्ध युवक बंदूक जैसी वस्तु लेकर संवेदनशील क्षेत्र तक पहुंचने में कैसे सफल हो गया?
यह मामला केवल एक युवक तक सीमित नहीं है, बल्कि उन लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ा है जो रोजाना बाबा केदार के दर्शन के लिए यहां पहुंच रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
















Leave a Reply