देहरादून: आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अनुशासन का संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा में चुनावी टिकट देने का आधार केवल योग्यता, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ता का योगदान होता है। उन्होंने यह भी दोहराया कि टिकट की दावेदारी सार्वजनिक मंचों या सोशल मीडिया के माध्यम से करने के बजाय संगठन के निर्धारित मंच पर ही रखी जानी चाहिए।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव लड़ने की इच्छा और राजनीतिक महत्वाकांक्षा स्वाभाविक है, लेकिन उसे व्यक्त करने की भी एक निर्धारित प्रक्रिया होती है। भाजपा एक अनुशासित संगठन है, इसलिए हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी को पार्टी की तय प्रक्रिया और मर्यादाओं का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन के बाहर जाकर दावेदारी करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना जा सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हाल के दिनों में मीडिया और सोशल मीडिया पर कुछ नेताओं द्वारा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए टिकट की दावेदारी से जुड़े बयान सामने आए हैं। ऐसे मामलों को लेकर राज्य से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक नाराजगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसकी कार्यप्रणाली ‘राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और व्यक्ति अंतिम’ के सिद्धांत पर आधारित है। यही विचारधारा पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी की टिकट को लेकर कोई इच्छा, सुझाव या दावेदारी है तो उसे उचित समय पर पार्टी के आंतरिक मंच पर रखा जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान करता है और योग्य एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। टिकट वितरण का निर्णय केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। पार्टी की प्राथमिकता व्यक्तिगत प्रचार नहीं, बल्कि संगठन की मजबूती और चुनावों में ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने अंत में स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई नेता या कार्यकर्ता पार्टी अनुशासन के विरुद्ध सार्वजनिक बयानबाजी करता है या संगठन की निर्धारित प्रक्रिया का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पार्टी की गरिमा बनाए रखने और अनुशासन का पालन करने का आह्वान किया।














Leave a Reply