हरिद्वार के कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए उन लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी, जो अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ चुके थे।
दिनांक 10.06.2026 को देहात क्षेत्र के दौरे के दौरान एसएसपी Navneet Singh ने कोतवाली गंगनहर परिसर में एक कार्यक्रम के तहत पुलिस टीम द्वारा रिकवर किए गए कुल 51 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।
इन मोबाइल फोन की कुल बाजार कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद खो चुके लोगों के लिए यह पल बेहद भावनात्मक रहा। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने अपने फोन के साथ जरूरी डेटा, यादें और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी खो दिए थे, जिनके वापस मिलने की उन्होंने उम्मीद ही छोड़ दी थी।
मोबाइल प्राप्त करने के बाद लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। लाभार्थियों ने हरिद्वार पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की जमकर सराहना की और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
एसएसपी नवनीत सिंह ने इस अवसर पर कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम जनता के विश्वास को मजबूत करना भी है। उन्होंने बताया कि साइबर और तकनीकी टीमों की मदद से लगातार खोए हुए मोबाइल ट्रेस कर उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाया जा रहा है।
इस पहल को स्थानीय लोगों ने बेहद सकारात्मक कदम बताया और कहा कि इससे पुलिस और जनता के बीच भरोसा और मजबूत हुआ है।







Leave a Reply