बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर विकासनगर क्षेत्र में सैनी समाज द्वारा आयोजित मेले में उत्तराखंड सरकार के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने एक अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि कालसी स्थित ऐतिहासिक अशोक शिलालेख परिसर को बौद्ध सर्किट के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए सतपाल महाराज ने कहा कि बौद्ध सर्किट बनने से देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक कालसी आएंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, दायित्वधारी मंत्री सामवीर सैनी, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, हरबर्टपुर नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह सैनी सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
मेले में उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा से भी बड़ी संख्या में सैनी समाज के लोग पहुंचे। आयोजन में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि सरकार धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है, और कालसी का बौद्ध सर्किट इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।












Leave a Reply