अलका लांबा के नेतृत्व में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने आज विधानसभा का घेराव कर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने “महिला आरक्षण लागू करो, आज करो, अभी करो” और “OBC महिलाओं को शामिल करो” जैसे नारे लगाए। महिलाओं के हाथों में तख्तियां और बैनर थे, जिनके जरिए सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि वर्ष 2023 में सभी दलों के सहयोग से नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया गया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब कानून पास हो चुका है, तो इसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने मांग की कि लोकसभा की सभी सीटों पर तत्काल प्रभाव से महिला आरक्षण लागू किया जाए।
लांबा ने नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार महिलाओं के नाम पर केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है और जनता को गुमराह किया जा रहा है।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव शिल्पी अरोड़ा ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में पारित बिल वास्तविक महिला आरक्षण नहीं है, बल्कि यह “मोदी संरक्षण बिल” बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार की नीयत साफ है, तो उसे तुरंत महिला आरक्षण लागू करना चाहिए और इसमें ओबीसी महिलाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया। नेताओं ने स्पष्ट किया कि देश की महिलाएं अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपने अधिकार चाहती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक महिला आरक्षण को पारदर्शी और न्यायसंगत तरीके से लागू नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस कार्यक्रम में पुष्पा सिंह, उस्मान भाई सहित दिल्ली के विभिन्न जिलों की महिला कांग्रेस अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहीं।









Leave a Reply