लंढोर बाजार पार्किंग विवाद: ठेके पर देने के प्रस्ताव के खिलाफ स्थानीय लोगों का प्रदर्शन

मसूरी के लंढोर बाजार में स्थित कार पार्किंग को ठेके पर देने के प्रस्ताव ने स्थानीय स्तर पर विवाद खड़ा कर दिया है। व्यापारियों और क्षेत्रीय निवासियों ने इस फैसले का कड़ा विरोध करते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंढोर बाजार पहले से ही ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। इस पार्किंग का उपयोग मुख्य रूप से स्थानीय लोग अपने वाहनों को खड़ा करने के लिए करते हैं। यदि इसे ठेके पर दे दिया गया, तो पार्किंग शुल्क लागू होगा, जिससे स्थानीय निवासियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा। इसके चलते लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर होंगे, जिससे जाम की स्थिति और विकट हो सकती है।

स्थानीय निवासी दानिश ने बताया कि यह मुद्दा पहले भी उठ चुका है। पूर्व में जब इस पार्किंग को ठेके पर देने का प्रस्ताव आया था, तब भी क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर विरोध किया था और प्रशासन को प्रस्ताव वापस लेना पड़ा था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर इस बार भी ऐसा निर्णय लिया गया, तो क्षेत्र में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

वहीं, व्यापारी मनोज अग्रवाल ने कहा कि पार्किंग का निर्माण स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया था। उन्होंने बताया कि इस भूमि का एक हिस्सा नगर पालिका और दूसरा हिस्सा सनातन धर्म स्कूल के अधीन है। निर्माण के समय यह वादा किया गया था कि स्थानीय लोगों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। ऐसे में अब इसे ठेके पर देना उस वादे के खिलाफ है।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रस्ताव को आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। अंतिम निर्णय बोर्ड द्वारा लिया जाएगा और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *