ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर क्षेत्र में अवैध पार्किंग को लेकर एक बार फिर स्थानीय लोगों का गुस्सा सामने आया है। क्षेत्र में एक होटल संचालक द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए सड़क पर वाहन खड़े कराए जाने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। परेशान नागरिकों ने इस संबंध में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अवैध पार्किंग के चलते क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों का आरोप है कि ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने में परेशानी होती है, जिससे उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
राघव झा के नेतृत्व में क्षेत्र के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर टीम भेजी और स्थिति का जायजा लिया।
जांच के दौरान पाया गया कि होटल संचालक द्वारा पार्किंग नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था। इस पर पुलिस ने संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि वह केवल निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें। साथ ही भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की बात भी कही गई।
मामले के बाद होटल संचालक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और लिखित रूप में माफी मांगते हुए आगे से नियमों का पालन करने का भरोसा दिया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए इस तरह की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।












Leave a Reply