पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, उमड़ा जनसैलाब

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (से.नि) को हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में भारी जनसैलाब उमड़ा और हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंतिम संस्कार के दौरान सेना और पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र मनीष खंडूरी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी जी का निधन राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी ने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में अनुशासन, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ उत्कृष्ट कार्य किए। वह हमेशा सभी के लिए प्रेरणा स्रोत रहेंगे।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूड़ी का जीवन सादगी, अनुशासन और सुशासन का प्रतीक रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाया। उनके योगदान को उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरा देश हमेशा याद रखेगा।

अंतिम विदाई में पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट सहित कई वरिष्ठ नेता, संतगण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!