रुड़की: रुड़की में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्रशासन इस अभियान को मिशन मोड में संचालित कर रहा है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए। इसी क्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपना निर्वाचन गणना प्रपत्र (EF Form) भरकर जमा करें।
तहसील रुड़की के अधिकारी और कर्मचारी अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ मैदान में जुटे हुए हैं। विभिन्न क्षेत्रों में बीएलओ (Booth Level Officers) घर-घर जाकर निर्वाचन गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन कर रहे हैं। साथ ही मतदाताओं को आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी भी दी जा रही है, ताकि किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का विवरण समयबद्ध तरीके से मतदाता सूची में अद्यतन करना है। इसके लिए लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे अपने मतदान अधिकार को सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित प्रक्रिया समय पर पूरी करें।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता ने अभी तक अपना EF Form नहीं भरा है, तो वह तुरंत अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर प्रपत्र भरकर जमा करें।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन का लक्ष्य अभियान के अंतिम चरण में शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का विवरण मतदाता सूची में दर्ज करना है, ताकि कोई भी योग्य नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
















Leave a Reply