देहरादून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को करीब 30 लाख रुपये मूल्य की एमडीएमए (MDMA) और स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इन मादक पदार्थों को सहारनपुर से लाकर देहरादून की हाई प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई करने की फिराक में था।
मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान एसएसपी देहरादून के निर्देशन में रायपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक तस्कर भारी मात्रा में हाई प्रोफाइल ड्रग्स लेकर शहर में पहुंचा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रायपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
देर रात अरण्य विहार क्षेत्र स्थित एक खाली प्लॉट के पास से पुलिस ने दानिश नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 48.55 ग्राम एमडीएमए और 40.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश पुत्र नजीर अहमद, निवासी नागल, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ रायपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह बरामद ड्रग्स सहारनपुर के एक स्थानीय तस्कर से खरीदकर लाया था और इन्हें देहरादून की हाई प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई करने की योजना बना रहा था। पुलिस को पूछताछ के दौरान कुछ अन्य संदिग्ध तस्करों के नाम भी मिले हैं, जिनकी तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
देहरादून पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और प्रदेश में सक्रिय ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है।














Leave a Reply