विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के कैची धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ अब यातायात व्यवस्था पर भारी पड़ने लगी है। भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर सुबह से ही लंबा जाम लग रहा है, जिससे स्थानीय लोग, पर्यटक और श्रद्धालु घंटों परेशान हो रहे हैं।
कैची धाम में हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसके चलते सड़क पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि कई किलोमीटर लंबा जाम लगने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों का समय लग रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा ट्रैफिक नियंत्रण के बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन मौके पर पर्याप्त पुलिस बल नजर नहीं आ रहा। सीमित पुलिसकर्मियों के भरोसे यातायात व्यवस्था संभालने की कोशिश की जा रही है, जिससे समस्या और गंभीर हो रही है।
बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों द्वारा गलत पार्किंग और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण भी जाम की स्थिति बन रही है। इसका असर स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय व्यापारियों पर भी पड़ रहा है।
आगामी 15 जून को बाबा नीम करौली महाराज का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि समय रहते ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।












Leave a Reply