शहरी विकास, स्वच्छता और पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर, देशभर के मेयर हुए शामिल
ऋषिकेश/
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित होटल नटराज में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति बैठक में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 29.78 करोड़ रुपये की 3 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इन योजनाओं में 23.15 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण और 6.63 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने देशभर से आए मेयरों का स्वागत करते हुए कहा कि मेयर अपने शहर के प्रथम नागरिक होते हैं और जनता की उम्मीदों एवं विश्वास का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि शहरों का विकास देश के भविष्य को आकार देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में शहरी विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं ने शहरों की तस्वीर बदली है।
उन्होंने उत्तराखंड में पर्यटन की बढ़ती लोकप्रियता का उल्लेख करते हुए बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के 45 दिनों में 30 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं आदि कैलाश और मां पूर्णागिरि मंदिर में भी श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए ठोस कचरा प्रबंधन, स्वच्छता अभियान, स्मार्ट सिटी परियोजनाएं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है। साथ ही, अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, आश्रय योजना और एनिमल बर्थ कंट्रोल जैसी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से 10 ईवी चार्जिंग स्टेशनों और 4.83 करोड़ रुपये की लागत से 12 स्थानों पर वर्षा जल संचयन कार्यों का शिलान्यास किया। इसके अलावा 23.15 करोड़ रुपये की लागत से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कम्पोस्ट प्लांट और सैनेट्री लैंडफिल साइट के निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, श्री राम सिंह कैड़ा, विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल सहित देशभर के विभिन्न शहरों से आए मेयर उपस्थित रहे।









Leave a Reply