मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुनी जनता की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में जनसुनवाई कर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और भूमि से जुड़े मामलों सहित कई जनहित विषयों पर अपनी समस्याएं रखीं।

जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों और मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों को तुरंत संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाए और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी देना भी अनिवार्य किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को उसकी समस्या का त्वरित और प्रभावी समाधान मिले। जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत करते हैं और जमीनी स्तर की समस्याओं को समझने में मदद करते हैं।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की और चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।

इसके अलावा, आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *