भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष 28 मई से तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे प्रदेश संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देंगे। भाजपा संगठन इस दौरे को आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मान रहा है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पहले ही ऑडियो ब्रिज के माध्यम से जिला और मंडल अध्यक्षों से संवाद कर चुके हैं। उन्होंने संगठन की मजबूती और कमजोर कड़ियों पर विशेष फोकस करने को कहा था। इसी के तहत प्रदेशभर में संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू कर दिया गया है।
दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, मंत्रियों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में पार्टी की भविष्य की रणनीति और जनसंपर्क अभियानों को लेकर चर्चा होगी।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि इस दौरे से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा। बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने के लिए विशेष कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।












Leave a Reply