हरिद्वार: कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सुपर जोनल अधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद की अध्यक्षता में हर की पौड़ी चौकी में व्यापारियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जोन प्रथम के जोनल अधिकारी, सहायक जोनल अधिकारी, सेक्टर प्रभारी और हर की पौड़ी चौकी प्रभारी भी मौजूद रहे। इस दौरान कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बैठक में यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, व्यापारिक गतिविधियों के सुचारु संचालन तथा पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी संबंधित पक्षों से सहयोग के साथ मेले को सफल बनाने की अपील की गई।
बैठक में मौजूद व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन के साथ मिलकर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है, ताकि लाखों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
















Leave a Reply