अल्मोड़ा: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश की महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से पूरी तरह आत्मनिर्भर बनेंगी। उन्होंने यह बात सोमेश्वर में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित ‘लखपति दीदी सम्मान समारोह’ में कही, जहां स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर सफलता हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में महिलाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तभी देश की प्रगति को नई गति मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं में महिलाओं को परिवार की मुखिया के रूप में प्राथमिकता देने का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आज न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
रेखा आर्या ने स्वयं सहायता समूहों की सराहना करते हुए कहा कि इन समूहों से जुड़कर हजारों महिलाएं रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनी हैं। उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ जैसी पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें नेतृत्व और उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में अधिक से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनेंगी और महिला सशक्तिकरण के अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पूनम पालीवाल, जिला महामंत्री वंदना आर्या, कविता शाह, जिला उपाध्यक्ष कमला जोशी, मंडल अध्यक्ष कविता राणा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, मंडल अध्यक्ष सुंदर सिंह राणा, मंडल महामंत्री कृष्णा भंडारी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शंकर बिष्ट सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और स्वयं सहायता समूहों की सदस्य मौजूद रहीं।
















Leave a Reply