कारगिल विजय दिवस पर सोमेश्वर में युवाओं का जोश, मंत्री रेखा आर्या बोलीं- युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत

अल्मोड़ा: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सोमेश्वर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में हजारों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने युवाओं के साथ कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें देश के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।

कार्यक्रम की शुरुआत सोमेश्वर स्थित स्वतंत्रता सेनानी हुकुम सिंह बोरा के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और हजारों युवाओं ने कारगिल युद्ध सहित विभिन्न युद्धों में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को नमन किया। इसके बाद सभी प्रतिभागी जुलूस के रूप में मंत्री रेखा आर्या के सोमेश्वर स्थित आवास पहुंचे, जहां युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

युवा संवाद को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि आज का भारत युवा भारत है, क्योंकि दुनिया में सबसे बड़ी युवा आबादी भारत के पास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो लक्ष्य रखा है, उसे पूरा करने में देश की युवा शक्ति सबसे बड़ी भूमिका निभाएगी। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि केंद्र और उत्तराखंड सरकार युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान कर चुकी है और आने वाले महीनों में यह संख्या और बढ़ने वाली है। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि युवा आत्मनिर्भर बन सकें।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और स्थानीय युवाओं की मौजूदगी देखने को मिली। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, युवा मोर्चा प्रभारी पूरन नगरकोटी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पंकज भाकुनी, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष सुंदर सिंह राणा, प्रदेश प्रवक्ता नमन गुरुरानी, जिला महामंत्री चंदन बहुगुणा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!